डेली संवाद, नागोया (जापान)। Asian Games 2026: जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के 7वें दिन भारत ने महिला कबड्डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
इसके साथ ही भारत ने लगातार पांचवें एशियाड में कबड्डी में मेडल हासिल किया है। भारत के लिए इस दिन स्क्वॉश में भी बड़ी उपलब्धि रही। अनाहत सिंह और अभय सिंह ने सिंगल्स कैटेगरी के फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया।
स्क्वॉश में भारत ने रचा इतिहास
18 वर्षीय अनाहत सिंह एशियन गेम्स के सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। महिला सिंगल्स में अनाहत सिंह ने फाइनल में पहुंचकर भारतीय स्क्वॉश के लिए नया इतिहास बनाया।
वहीं पुरुष सिंगल्स में अभय सिंह भी फाइनल में पहुंच गए। इस तरह पहली बार एशियन गेम्स में भारत के दो खिलाड़ी एक ही संस्करण में पुरुष और महिला सिंगल्स के फाइनल तक पहुंचे हैं।
मैराथन में 44 साल बाद भारत को मेडल
भारत के लंबी दूरी के धावक सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 42 किलोमीटर की मैराथन रेस को 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड में पूरा किया।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
मैराथन में भारत को एशियन गेम्स में 44 साल बाद मेडल मिला है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में भारत ने इस स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
शूटिंग में भारत को 11वां मेडल
महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन कैटेगरी में भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया। भारतीय टीम में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद शामिल रहीं।
इस पदक के साथ एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत के कुल मेडल की संख्या 11 हो गई है। इनमें 1 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज पहले ही शामिल थे।
भारत की मेडल टैली 27 पहुंची
महिला कबड्डी में गोल्ड जीतने के बाद भारत के कुल मेडल की संख्या 27 हो गई है। भारत के खाते में अब 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल हैं। हालांकि, कुल पदकों की संख्या बढ़ने के बावजूद भारत मेडल टैली में 12वें स्थान पर बना हुआ है।